|
सतसंग (SATSaNG) – सॉफ्टवेयर एडिड ट्रेन शेड्यूलिंग एंड नेटवर्क गवर्नेंस.
बहुत से लोगों के लिए, विशेषकर यात्रा पर जाने के लिए, भारतीय रेलवे की समय सारणी को देखना एक बहुत ही लुभानेवाला कार्य है. रेलगाड़ी किस मार्ग से जाती है और मार्ग में कौन-कौन से महत्वपूर्ण और कम जानकारी वाले स्टेशन आते हैं और गाड़ी के समय तथा ठहरावों के बारे में जानना –रेल यात्रा के रोमांच के हिस्से हैं. समय सारणी आज के समय में वैसे ही महत्व रखती है जैसे पुराने समय में यात्रियों के लिए कंपस का महत्व था या समुद्री यात्रियों के लिए रात्रि में तारों भरे आकाश का.
भारतीय रेलवे जैसे व्यस्त नेटवर्क के लिए समय सारणी तैयार करना बहुत ही चुनौतीपूर्ण कार्य है. क्षेत्रीय रेलों पर प्लानर्स स्वतंत्र रूप से कार्य करते हैं और उसके बाद अन्य क्षेत्रीय रेलों के प्लानर्स के साथ संयुक्त रूप से अखिल भारतीय स्तर पर समय सारणी डिजाइन करते हैं. इसके दो मुख्य उद्देश्य हैं कि यह यात्रियों के लिए सुविधाजनक हो और रेलवे प्रणाली पर इसे लागू कर पाना व्यावहारिक हो. नई गाड़ियां चलाना और पुरानी गाड़ियों को आगे बढ़ाना एक कला है और प्लानर्स का चुना हुआ समूह इस कार्य में निपुण होता है. अब भारतीय रेलवे ने प्लानिंग प्रक्रिया के लिए सॉफ्टवेयर टूल्स उपलब्ध कराने का विनिश्चय किया है. रेल बजट 2008-09 में स्वीकृत ‘सतसंग’ परियोजना का यही उद्देश्य है. |